लोगों को उनके हाल पर छोड़ दें !

व्यक्तिगत रिश्तों में यह समझ और क्षमता बेहद आवश्यक है। ध्यान रखने और बेवजह दखल देने के बीच एक बहुत महीन रेखा होती है।जब कोई व्यक्ति किसी बात को लेकर अत्यधिक चिंतित या परेशान होता है, तो आप उसके प्रति कैसी प्रतिक्रिया देते हैं?

अक्सर लोग दो में से कोई एक तरीका अपनाते हैं। पहला, वे कुछ ऐसा कहने की कोशिश करते हैं जिससे सामने वाले का मन हल्का हो जाए और वह खुश महसूस करे। दूसरा, वे कुछ नहीं कहते, कुछ नहीं करते और उस व्यक्ति को कुछ समय के लिए उसके हाल पर छोड़ देते हैं।

इसका कोई एक निश्चित सही या गलत तरीका नहीं है। लेकिन इतना ज़रुर कहूँगा कि कई बार पहला तरीका अनावश्यक दखलंदाजी माना जा सकता है, जबकि दूसरा तरीका संवेदनशीलता और समझदारी का परिचायक होता है।

जब कोई व्यक्ति किसी बात को लेकर परेशान या चिंतित होता है, तो अक्सर उसे कुछ समय अकेले रहकर अपनी चिंता से जूझने की जरूरत होती है। उस समय वह इस मनःस्थिति में नहीं होता कि कोई उसे यह समझाए कि उसे क्या करना चाहिए, कैसे सोचना चाहिए या खुश रहने की कोशिश करनी चाहिए।

यहाँ तक कि कोई उसे यह कहकर बाहर घूमने या कुछ पीने के लिए आमंत्रित करे कि “चलो, कहीं चलते हैं, तुम्हारा ध्यान इस परेशानी से हट जाएगा” — तो यह भी उसके लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन सकता है।

कई बार किसी की बात का जवाब देना, उसे समझाना या किसी की सलाह सुनना भी उसके लिए बोझ बन जाता है। ऐसे में आपकी कोशिशें मदद करने के बजाय उसकी परेशानी और बढ़ा सकती हैं।जरा सोचिए, यदि आप स्वयं उसकी जगह होते और किसी बात को लेकर परेशान होते, तो आपको कैसा महसूस होता?

क्या आप नहीं चाहेंगे कि आपको थोड़ी देर अकेला छोड़ दिया जाए, ताकि आप शांत हो सकें और अपने विचारों को व्यवस्थित कर सकें?

कभी-कभी किसी के प्रति सबसे बड़ी संवेदनशीलता यही होती है कि हम उसकी परेशानी में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें, बल्कि उसे थोड़ा समय और एकांत दें। हर बार किसी का साथ देना जरूरी नहीं, कभी-कभी उसे अकेला छोड़ देना भी उसकी सबसे बड़ी मदद होती है।


Write a comment ...

Prakash Jain

Show your support

As a passionate exclusive scrollstack writer, if you read and find my work with difference, please support me.

Recent Supporters

Write a comment ...