वे आपके परिवार का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन आपसे अलग हैं।

यह मान लेना कि वे आपको समझेंगे, आपकी सबसे बड़ी भूल हो सकती है।

कहा जाता है कि पानी से खून गाढ़ा होता है। यह सच भी हो सकता है कि रक्त के रिश्ते अक्सर दूसरे रिश्तों से अधिक गहरे और मजबूत होते हैं। लेकिन इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि परिवार का सदस्य होने मात्र से दो लोगों के बीच सोच, समझ और भावनाओं की स्वाभाविक समानता भी होगी .

परिवार के सदस्य भी आखिर अलग-अलग व्यक्तित्व वाले इंसान हैं। उनकी अपनी पसंद-नापसंद, अपने विचार, अपने संस्कार और जीवन को देखने का अपना नजरिया होता है। इसलिए परिवार में हर बात पर पूर्ण सहमति और सामंजस्य की अपेक्षा करना व्यर्थ है। जितना अधिक आप पूर्ण सामंजस्य पाने का आग्रह करेंगे, उतना ही वह आपसे दूर होता जाएगा।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह समझना है कि आपके अपने भी आपके जैसे नहीं हैं। रिश्ते खून के हो सकते हैं, लेकिन विचारों का एक होना आवश्यक नहीं। इसलिए उनके जीवन जीने के तरीके का सम्मान कीजिए। धैर्य रखिए, उनकी राय को महत्व दीजिए और अपनी सोच या मान्यताएँ उन पर थोपने का प्रयास मत कीजिए।

परिवार में किसी व्यक्ति को केवल इसलिए अपने से दूर कर देना सबसे बड़ी भूल है कि उसका व्यवहार या उसका कोई निर्णय आपको समझ में नहीं आता। अक्सर ऐसा तब होता है, जब हम यह मानकर चलते हैं कि चूँकि हम एक परिवार हैं, इसलिए एक-दूसरे को बिना कुछ कहे सब कुछ समझ लेना चाहिए।

आप सलाह दे सकते हैं, अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन एक बात हमेशा याद रखिए—

आपके अपने भी आपसे अलग हैं। उनकी अलग सोच, अलग पसंद और अलग जीवनशैली को स्वीकार करना ही रिश्तों को निभाने की सच्ची समझदारी है ।

एक सुंदर दृष्टांत — रिश्ते समझने का नहीं, स्वीकार करने का नाम हैं

एक घर में पिता को सुबह जल्दी उठना, पूजा करना और पूरे परिवार के साथ बैठकर भोजन करना पसंद था। उनका बेटा देर रात तक काम करता था, सुबह देर से उठता था और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपने ढंग से जीवन जीना पसंद करता था।
पिता अक्सर बेटे से कहते, "हमारे समय में परिवार ऐसे नहीं चला करते थे।"
बेटा सोचता, "पिताजी मेरी परिस्थितियों को क्यों नहीं समझते?"
धीरे-धीरे दोनों के बीच संवाद कम होने लगा। एक दिन घर के एक बुजुर्ग ने पिता से कहा—
"आप अपने बेटे से यह अपेक्षा क्यों करते हैं कि वह आपकी तरह जिए? आपने अपने पिता की हर बात मानी थी, या अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी थी?"
पिता कुछ देर मौन रहे।
बुजुर्ग ने आगे कहा—
पेड़ की शाखाएँ एक ही तने से निकलती हैं, लेकिन हर शाखा की दिशा अलग होती है। यदि सभी शाखाओं को एक ही दिशा में मोड़ने की कोशिश करेंगे, तो पेड़ की सुंदरता ही नष्ट हो जाएगी।
उस दिन पिता को समझ आया कि परिवार का अर्थ सबका एक जैसा होना नहीं, बल्कि अलग-अलग होते हुए भी एक-दूसरे के लिए स्थान बनाए रखना है।

रिश्तों की खूबसूरती समानता में नहीं, भिन्नताओं के सम्मान में है।

परिवार होना एक संयोग है, एक-दूसरे को समझना एक प्रयास है और एक-दूसरे की भिन्नताओं का सम्मान करना एक संस्कार है।

Write a comment ...

Prakash Jain

Show your support

As a passionate exclusive scrollstack writer, if you read and find my work with difference, please support me.

Recent Supporters

Write a comment ...